शादी के महज 37वें दिन ही कमलेश बिंद का एनकाउंटर में निधन, पत्नी बोली- ‘फर्जी एनकाउंटर किया, हमें इंसाफ चाहिए’

Gaziabad : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में बुधवार (3 जून) रात को हुए पुलिस मुठभेड़ ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। होटल व्यवसायी विनीत राय की हत्या के मुख्य आरोपी और इनामी बदमाश कमलेश बिंद का मुठभेड़ में निधन हो गया। यह घटना केवल कानून व्यवस्था का मामला नहीं रह गई है, बल्कि घोर विवाद, गंभीर आरोप और सवालों का विषय बन गई है।
कमलेश बिंद की शादी महज 37 दिन पहले ही हुई थी
बता दें कि कमलेश बिंद की शादी अभी 37 दिन पहले ही हुई थी। उसकी शादी 19 अप्रैल को तिलक और 27 अप्रैल को बिहार के मोहनिया में धूमधाम से हुई थी। उसकी पत्नी, मनीषा, जो अभी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है, का कहना है कि उनकी जिंदगी का सपना टूट गया है।
पत्नी का आरोप: “पुलिस ने निर्दोष पति को मारा”
मनीषा ने अपने दर्द को बयां करते हुए कहा, “मेरे पति निर्दोष थे। पुलिस ने जबरदस्ती उन्हें उठाया, थाने में मारा, फिर जंगल में ले जाकर गोली मार दी। मेरी शादी की मेहंदी भी पूरी नहीं होने दी गई।” वह फफकते हुए कहती हैं कि 30 मई को पुलिस ने उन्हें और उनकी जेठानी को थाने में बैठाकर रखा था, जहां उनके सामने कमलेश के साथ नाइंसाफी की गई।
पुलिस का दावा: “मुठभेड़ में मारा गया आरोपी”
वहीं, पुलिस का तर्क है कि कमलेश बिंद को होटल कारोबारी विनीत राय की हत्या के आरोप में मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिस का कहना है कि वह वांछित था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। जवाबी फायरिंग के दौरान वह गोली लगने से मारा गया।
पूरा मामला क्या है?
बता दें कि 29 मई की रात गाजीपुर के कर्नलगंज इलाके में होटल व्यवसायी विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में शंकर पांडेय समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। इनमें से ही कमलेश बिंद भी आरोपी था। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं, और परिजनों का कहना है कि उनके प्रियजन निर्दोष थे।
गांव में मातम और जांच की आशंका
मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगी हुई है और पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग उठ रही है।
No comments