Recent Posts

Breaking News

मासूम बच्चों के सामने पत्नी का बेरहमी से कत्ल: ईंट और धारदार हथियार से किए ताबड़तोड़ वार, 6 साल पहले किया था प्रेम विवाह

Moradabad : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के रसूलपुर हमीर गांव में शुक्रवार की सुबह एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार और ईंट से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। रूह कपा देने वाली इस वारदात के वक्त घर में दंपती के तीन मासूम बच्चे भी मौजूद थे, जिन्होंने अपनी सगी मां को तड़पते और दम तोड़ते देखा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

तड़के 5 बजे हुआ विवाद और फिर खेला खूनी खेल
जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर हमीर गांव की रहने वाली सना 25 वर्ष का करीब छह साल पहले गांव के ही नसीम नाम के युवक के साथ प्रेम विवाह (Love Marriage) हुआ था। दोनों के तीन छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। नसीम पेशे से ट्रक चालक है और तीन दिन पहले काम पर गया था। वह बृहस्पतिवार देर शाम ही ट्रक लेकर वापस घर लौटा था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे अचानक पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नसीम के सिर पर खून सवार हो गया।

मासूम बेटी दौड़कर पहुंची नानी के घर, तब खुला राज
आरोप है कि गुस्से में पागल नसीम ने घर में रखे धारदार हथियार और ईंट से सना पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। सना चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन जालिम पति का दिल नहीं पघला और उसने बच्चों के सामने ही उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका का मायका घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर था। वारदात के बाद सना की 6 साल की मासूम बेटी आयत डर से कांपती हुई दौड़कर अपनी नानी के घर पहुंची। उसने रोते हुए नानी को बताया कि “पापा मम्मी को मार रहे हैं।” मासूम की बात सुनकर जब तक मायके वाले और आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक सना दम तोड़ चुकी थी और आरोपी नसीम वहां से भाग निकला था।

प्रेम विवाह के बाद भी दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
इस खौफनाक वारदात के बाद मृतका के पिता इमरान ने मैनाठेर थाने में तहरीर देकर दामाद नसीम पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि भले ही दोनों ने छह साल पहले लव मैरिज की थी, लेकिन नसीम उनकी बेटी को लंबे समय से मायके से भारी दहेज लाने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। पिता ने पुलिस को दी शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण ही उनकी बेटी की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उन्होंने इस साजिश में नसीम के परिवार के तीन अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका जताई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, आरोपी की तलाश में दबिश
घटना की सूचना मिलते ही मैनाठेर थाना पुलिस और आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने खून से लथपथ सना के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या और हत्या की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। फरार आरोपी ट्रक ड्राइवर नसीम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments