‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे..’, ओपी राजभर ने हत्या के आरोपी संग अखिलेश यादव की तस्वीर शेयर की, लगाया बड़ा आरोप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह की हत्या मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी दिनेश यादव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। दिनेश यादव को समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है। इसी को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अखिलेश यादव के साथ आरोपी की एक तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे”। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुखिया लगातार सरकार पर सवाल उठा रहे थे, जबकि अब गिरफ्तार आरोपी उनके ही संगठन से जुड़ा निकला है।
राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि अखिलेश यादव 27 तारीख से लगातार लखनऊ हत्याकांड को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहे थे और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। लेकिन अब जो आरोपी पकड़ा गया है, वह उनके ही संगठन से जुड़ा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी समाजवादी लोहिया वाहिनी का उपाध्यक्ष है।
उन्होंने आगे लिखा कि आरोपी का संबंध यादव समुदाय से बताया जा रहा है और दूसरा आरोपी मुस्लिम समुदाय से जुड़ा हो सकता है। राजभर ने अपने पोस्ट में सपा पर निशाना साधते हुए कई तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को और तेज कर दिया।
उधर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले इस हत्याकांड को लेकर सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। इसी बयान के बाद अब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
यह पूरा विवाद तब और बढ़ गया जब ओम प्रकाश राजभर ने आरोपी के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर साझा कर इसे राजनीतिक मुद्दा बना दिया।
क्या है पूरा मामला?
लखनऊ में करीब एक सप्ताह पहले जौनपुर के प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि जैसे ही वह अपने कार्यालय पहुंचे, बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। इस वारदात से राजधानी में हड़कंप मच गया था और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे।
अब इस हत्याकांड में गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक तूल पकड़ चुका है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लगातार हमलावर हैं।
No comments