‘कितने असद को मारोगे..’ कहकर लहराई चाकू, वायरल हुई रील तो कान पकड़कर मांगी माफी… देखिए वीडियो

- “कितने असद को मारोगे…” जैसे भड़काऊ शब्दों के साथ वीडियो वायरल
- पुलिस ने आरोपी को हथियार सहित दबोचा, माफी का वीडियो भी आया सामने
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो बनाकर डालने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में एक युवक दोनों हाथों में छुरी लेकर रील बनाता नजर आ रहा है, जिसमें बैकग्राउंड म्यूजिक और आपत्तिजनक कैप्शन भी शामिल था।
वीडियो में लिखा था— “कितने असद को मारोगे, हमारे भी हथियार हैं तैयार।” इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस सक्रिय
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में युवक की पहचान 25 वर्षीय अमन पुत्र अशरफ, निवासी हरिनगर, अंगूर वाली मस्जिद के पास, मेरठ के रूप में हुई। वीडियो में वह सफेद कुर्ता-पायजामा पहने हुए हाथ में छुरी लेकर घूमता दिख रहा था, जबकि उस पर कथित रूप से खून जैसे लाल रंग के धब्बे भी लगाए गए थे।
भड़काऊ कंटेंट पर केस दर्ज
थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 197(1), 299 और 353(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीनियर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कच्चा दगड़ा भूमिया पुल के पास से चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सामने आया माफी वीडियो
गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर एक और वीडियो सामने आया, जिसमें आरोपी अमन कान पकड़कर अपने किए पर माफी मांगता दिखाई दिया। वीडियो में उसकी दबंगई पूरी तरह गायब नजर आई और वह पुलिस के सामने अपने व्यवहार पर पछतावा जताता दिखा।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने से बचें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।
No comments