‘जेल घूमने आया हूं… 6 महीने में मेरी बीवी छुड़ा लेगी’, अजीब ख्वाइश पूरी करने के लिए पत्नी पर तान दी बंदूक, बोला- बाहर आकर लहंगा दिलाऊंगा

- पत्नी को तमंचा दिखाकर डराया, फिर खुद पुलिस चौकी पहुंचकर किया सरेंडर
- “6 महीने में जेल से बाहर आकर लहंगा दिलाऊंगा” — आरोपी के बयान से मचा हड़कंप
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सेंट्रल जेल देखने की सनक एक युवक को सलाखों के पीछे ले गई। अहेरीपुर क्षेत्र के रहने वाले ट्रैक्टर चालक कोमल सिंह ने अपनी ही पत्नी को अवैध तमंचा दिखाकर धमकाया और फिर खुद ही पुलिस चौकी पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद कर उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पत्नी को डराकर खुद पहुंचा थाने
जानकारी के अनुसार, कोमल सिंह ने घर में रखे तमंचे से अपनी पत्नी संगीता को धमकाया ताकि उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाए। इसके बाद वह दो जिंदा कारतूस लेकर खुद ही पुलिस चौकी पहुंच गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
“जेल से आकर पत्नी को लहंगा दिलाऊंगा”
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने मीडिया के सामने अजीब बयान दिया। उसने कहा कि उसकी पत्नी उसे छह महीने में जेल से बाहर निकलवा लेगी और वह वापस आकर उसे नया लहंगा दिलाएगा।
उसका कहना था कि उसे सेंट्रल जेल देखने की इच्छा थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया।
अस्पताल में भी देता रहा अजीब बयान
मेडिकल परीक्षण के दौरान इटावा के डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में आरोपी ने मीडिया के सामने अपनी पूरी योजना का विस्तार से जिक्र किया। उसके आत्मविश्वास और अजीब बयानों को सुनकर डॉक्टर और स्टाफ भी हैरान रह गए।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, आरोपी के व्यवहार में मानसिक अस्थिरता और अजीब सनक के संकेत मिले हैं। फिलहाल उसे आर्म्स एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
No comments