‘मैं कृष्ण हूं… तुम राधा बनो’ कहकर रचता था मायाजाल : IITian बाबा युवतियों का ब्रेनवॉश कर करता था दुष्कर्म, बोलता था- ‘मैं गलत करूंगा तो क्या कर लेगी’

- भजन मंडली और मोटे पैकेज का झांसा देकर पढ़ी-लिखी युवतियों को फंसाता था
- पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई, दो युवतियां और एक युवक मुक्त कराए गए
मथुरा। गोवर्धन थाना पुलिस ने साधु के वेश में महिलाओं और युवतियों का कथित रूप से ब्रेनवॉश कर उनका शोषण करने वाले IITian बाबा अभिषेक मिश्रा उर्फ ‘आदि कर्ता’ को गिरफ्तार किया है। मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर का रहने वाला 30 वर्षीय अभिषेक मिश्रा मैकेनिकल इंजीनियर है और पिछले तीन वर्षों से गोवर्धन क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन माध्यम से भजन-कीर्तन मंडली संचालित करता था और सोशल मीडिया के जरिए पढ़ी-लिखी युवतियों को अपने संपर्क में लाता था। वह बीटेक और एमटेक जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त युवतियों को अच्छे पैकेज और आध्यात्मिक जीवन का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी युवतियों को गोवर्धन बुलाकर उनका मानसिक रूप से प्रभावी ढंग से ब्रेनवॉश करता था। इसके बाद वह उन्हें अपने समूह का हिस्सा बना लेता था और कथित तौर पर ‘गंधर्व विवाह’ जैसी बातें कहकर उनका शोषण करता था।
पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक तस्वीरें भी मिली हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसने एक दर्जन से अधिक युवतियों को अपने प्रभाव में ले रखा था।
पीड़िता की शिकायत से खुला मामला
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब ओडिशा की एक युवती ने साहस दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी खुद को भगवान कृष्ण का अवतार बताता था और धार्मिक तथा आध्यात्मिक बातों के जरिए लोगों को अपने प्रभाव में लेता था।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दो युवतियां और एक युवक मुक्त कराए गए
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के संपर्क में रह रहे दो युवतियों और एक युवक को सुरक्षित बरामद किया है। बाद में उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, सीओ गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी के मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके संपर्क में कितने लोग थे और उसने किस स्तर तक अपना नेटवर्क फैला रखा था।
पुलिस का कहना है कि मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यदि जांच में अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
No comments