Recent Posts

Breaking News

‘तेल’ के मामूली विवाद में प्रेमी बना जल्लाद! लिव-इन पार्टनर ने पेट्रोल डालकर प्रेमिका को जिंदा जलाया, वीडियो भी बनाया; आरोपी फरार

MP : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली घरेलू विवाद ने एक युवती की जान ले ली। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला को उसके ही पार्टनर ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी युवती ने ग्वालियर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतका पुष्पा अहिरवार पिछले लगभग चार वर्षों से मनोज कुशवाह के साथ छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र के गुड़ा खुर्द गांव में लिव-इन में रह रही थी। दोनों का एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन घर में खाना बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।

सब्जी बनाने के लिए तेल मांगने की बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी मनोज कुशवाह ने गुस्से में आकर पेट्रोल लाकर पुष्पा पर डाल दिया और उसे आग के हवाले कर दिया।

आग में बुरी तरह झुलसी पुष्पा को आरोपी ही आनन-फानन में ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचा और बाद में मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अस्पताल में भर्ती कराने के बाद फरार होने की योजना बना ली थी।

गंभीर हालत में इलाज के दौरान पुष्पा ने एक वीडियो बयान भी दिया, जिसमें उसने पूरी घटना की जानकारी दी और अपने लिव-इन पार्टनर पर हमला करने का आरोप लगाया। डॉक्टरों ने उसे बर्न वार्ड में भर्ती किया था, लेकिन लगातार इलाज के बावजूद उसकी हालत बिगड़ती गई और सोमवार को उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी मनोज कुशवाह की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर लिव-इन संबंधों में बढ़ती हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

No comments