ग्वालियर में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला: बेटी की हत्या के बाद शव जलाने का आरोप, पिता समेत परिजन हिरासत में

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के डबरा इलाके में एक महिला की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच तेज हो गई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के प्रयास किए जाने की आशंका जताई गई है। मामले में कई परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, डबरा क्षेत्र के लखिया गांव निवासी 33 वर्षीय जूली गुर्जर कुछ समय पूर्व अपने घर से चली गई थीं। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद महिला के अचानक लापता होने की सूचना पर पुलिस ने दोबारा जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महिला के साथ अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद विशेष टीम ने गांव पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में खेत और अन्य स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर निरीक्षण किया और संभावित साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस टीम संभावित साक्ष्यों की तलाश कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No comments