पिता-पुत्र पर नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर आरोप, शादी का झांसा देकर शोषण का मामला

Konch, Jalaun : कोंच कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक पीड़ित महिला ने शनिवार को ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ में उपस्थित अधिकारियों के सामने रूह कंपा देने वाली दास्तान सुनाई। महिला ने न्यायिक उपजिलाधिकारी (एसडीएम) वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता व क्षेत्राधिकारी (सीओ) परमेश्वर प्रसाद को शिकायती पत्र सौंपकर पड़ोस के ही एक पिता-पुत्र पर अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है।
सौंपे गए शिकायती पत्र में पीड़िता की मां ने बताया कि करीब दो माह पूर्व जब उसकी नाबालिग बेटी घर पर अकेली थी, तब पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने घर में घुसकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी होने पर जब वह शिकायत करने युवक के घर पहुंची, तो युवक के पिता ने मामले को दबाने के लिए आश्वासन दिया कि वह अपने बेटे की शादी उसकी बेटी से करा देगा। लोक-लाज और शादी के आश्वासन के चलते उस समय महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।
शादी के झांसे में कई बार किया रेप, फिर पिता ने भी की दरिंदगी महिला का आरोप है कि इस आश्वासन की आड़ में युवक लगातार उसकी नाबालिग बेटी का शारीरिक शोषण करता रहा। हद तो तब हो गई जब एक दिन युवक के पिता ने भी मर्यादाओं को तार-तार करते हुए नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी जब पीड़िता की मां ने इस घिनौनी हरकत का कड़ा विरोध किया और पुलिस के पास जाने की बात कही, तो आरोपी बाप-बेटे ने उसे और उसकी बेटी को जान-माल की गंभीर धमकी दी। लोक-लाज से ऊपर उठकर अब पीड़िता की मां ने समाधान दिवस में आलाधिकारियों की चौखट पर न्याय की गुहार लगाते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें जेल भेजने की मांग की है।
राजस्व और पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को तत्काल मामले की जांच कर संगीन धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
No comments