युवक का अपहरण कर जबरन निकाह कराने का प्रयास, हाथों में मेहंदी लगाए थाने पहुंचा पीड़ित

Bahraich : जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का कथित रूप से अपहरण कर जबरन निकाह कराने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित युवक किसी तरह खुद को बचाकर मौके से भागने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज क्षेत्र के रहीम नगर निवासी जहीर को अगवा कर जबरन निकाह कराने की कोशिश की गई। युवक ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में उसके दामाद रियाज, निवासी अमरैय्या (नानपारा), शामिल है।
बताया जा रहा है कि युवक को जबरन ले जाकर निकाह की तैयारी की गई और उसके हाथों में मेहंदी तक लगाई गई। हालांकि मौका पाकर जहीर वहां से भाग निकला और सीधे थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। थाने पहुंचने के दौरान उसके हाथों में लगी मेहंदी इस घटना की पुष्टि करती नजर आई।
पीड़ित युवक की मां शकरुन ने भी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No comments