पुलिस की दबिश से घबराए प्रेमी युगल ने खुद को लगाई आग; युवती की मौत, युवक की हालत नाजुक

Shikohabad, Firozabad : थाना क्षेत्र के मोहल्ला पड़ाव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। पुलिस की दबिश के दौरान घबराए प्रेमी युगल ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। आग की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने लकड़ी का दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान शनिवार सुबह युवती की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला पड़ाव निवासी 18 वर्षीय खुशी शर्मा अपनी मां के साथ रहती थी। उसके पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका है। गर्मियों की छुट्टियों में वह अपनी मां के साथ मैनपुरी स्थित ननिहाल गई थी, जहां उसकी पहचान अरुण कुमार कठेरिया से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली आई थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने पहले भी घर पर दबिश दी थी, लेकिन दोनों वहां नहीं मिले। देर रात दोबारा सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए और कमरे के अंदर खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घर का लकड़ी का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाकर दोनों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से झुलसे प्रेमी युगल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शनिवार सुबह करीब पांच बजे खुशी ने दम तोड़ दिया। युवती की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं युवक का उपचार अब भी जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने युवती के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद कमरे से चीख-पुकार सुनाई देने लगी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए घर का लकड़ी का दरवाजा तोड़ दिया और आग की लपटों में घिरे दोनों युवाओं को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बाद भी युवती को बचाया नहीं जा सका।
No comments