HP Weather: हिमाचल में बदलेगा मौसम का मिजाज, शिमला समेत 7 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने 14 से 20 जून के बीच प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। राजधानी शिमला सहित चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर में अलग-अलग दिनों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में सर्वाधिक 2.8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि घम्मरूर, भरमौर, गुलेर, नगरोटा सूरियां, भवारना, ऊना और नंगल बांध में भी बारिश हुई। कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और मानसून की प्रगति के कारण राज्य में मौसम सक्रिय बना रहेगा। 14, 15, 16, 18, 19 और 20 जून को राज्य के कई भागों में बारिश की संभावना है, जबकि 17 जून को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बर्फबारी भी हो सकती है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान पेड़ गिरने, बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने, दृश्यता कम होने तथा फिसलन के कारण सडक़ हादसों का खतरा बढ़ सकता है। राजधानी शिमला में 14 से 17 जून तक गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में पांच दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है।
दूसरी ओर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में किसी बड़े मौसमीय खतरे की चेतावनी नहीं दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश की गतिविधियां बढऩे से तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
No comments