28 की उम्र में दर्दनाक अंत! कौन थीं आयशा गिलानी, जिन्हें घर से बुलाकर मारी गई गोली?
पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त को फेडरल कैपिटल के पास टैक्सिला शहर में उन्हें कथित तौर पर फोन करके घर से बाहर बुलाया गया था। इसके कुछ ही देर बाद उनकी कार पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। इस हमले में आयशा की मौत हो गई, जबकि उनकी 15 साल की बहन गंभीर रूप से घायल हुई। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और परिवार की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
कौन थीं आयशा गिलानी, जिनकी हुई हत्या?
आयशा गिलानी पाकिस्तान की चर्चित टिकटॉकर थीं। उनका असली नाम शम्सू बीबी बताया गया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर उनके करीब 1.3 मिलियन यानी 13 लाख फॉलोअर्स थे। 14 अगस्त को टैक्सिला में उनकी हत्या की गई। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार की ओर से दर्ज शिकायत के मुताबिक, आयशा को काशिफ उर्फ 'काशी' नाम के व्यक्ति का फोन आया था। आरोप है कि उसने उन्हें तुरंत घर से बाहर आने के लिए कहा। इसके बाद आयशा अपनी 15 वर्षीय बहन असीमा और भाई नईमतुल्लाह के साथ कार से निकलीं। कुछ ही समय बाद परिवार को गोलीबारी की जानकारी मिली। आयशा के पिता फजल साहिबजादा ने अस्पताल पहुंचकर अपनी बेटी के शव की पहचान की।
आयशा गिलानी की कार पर कैसे हुआ हमला?
शिकायत के मुताबिक, नईमतुल्लाह ने परिवार को बताया कि पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर गोलीबारी की। दोनों हमलावरों की उम्र करीब 30 से 35 साल बताई गई है। आरोप है कि गोली आयशा की गर्दन में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गोलीबारी के बाद चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वाहन दूसरी कार से टकरा गया। हादसे में आयशा की छोटी बहन असीमा गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दो संदिग्धों के मोटरसाइकिल से भागने की तस्वीरें कथित तौर पर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस अब फुटेज की जांच करके हमलावरों की पहचान और हत्या की वजह पता करने की कोशिश कर रही है।
आयशा को पहले धमकियां मिली थीं?
आयशा के पिता ने शिकायत में कौसर और जावेद उर्फ 'शाहीन' नाम के लोगों के साथ कथित आर्थिक विवाद का भी जिक्र किया है। आरोप है कि पैसे लौटाने को लेकर आयशा को धमकियां मिली थीं और उन्होंने पहले इस मामले में इस्लामाबाद में शिकायत भी दर्ज कराई थी। परिवार ने नामजद लोगों और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पिता के मुताबिक, उनका बेटा नईमतुल्लाह हमलावरों को सामने लाए जाने पर पहचान सकता है।
No comments