ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दे रही सरकार, 49 ईको टूरिज्म साइट्स के लिए आवेदन करने का आज अंतिम दिन

हिमाचल प्रदेश में ईको टूरिज्म को नई रफ्तार देने के लिए चिन्हित 49 ईको टूरिज्म साइट्स के विकास, संचालन और प्रबंधन में रुचि रखने वाले निवेशकों, संस्थाओं और उद्यमियों के लिए मंगलवार को आवेदन करने का अंतिम मौका है। वन विभाग ने पर्याप्त संख्या में बिडर नहीं मिलने के कारण पहले दो बार आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई है।
लिहाजा अब टेंडर में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत विभाग तकनीकी वित्तीय बिड खोलेगा, जिसके बाद साइट्स की अलॉटमेंट की जाएगी। वन विभाग ने प्रदेश के 15 वन मंडलों में स्थित 49 ईको टूरिज्म साइट्स को आबंटित करने के लिए जुलाई माह में टेंडर प्रक्रिया आरंभ की।
शुरुआत में बिड डालने की अंतिम तिथि तीन अगस्त निर्धारित की गई थी, लेकिन अपेक्षित संख्या में आवेदन नहीं आने के कारण विभाग को प्रक्रिया आगे बढ़ानी पड़ी। इसके बाद अंतिम तिथि 11 अगस्त तय की गई, मगर इस दौरान भी पर्याप्त बोलीदाता सामने नहीं आए। ऐसे में विभाग ने दूसरी बार समय सीमा बढ़ाकर 18 अगस्त कर दी। अब विभाग को उम्मीद है कि अंतिम दिन तक और आवेदन प्राप्त होंगे।
यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही है, जिससे प्रदेश के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों से भी इच्छुक कंपनियां, संस्थाएं और उद्यमी इसमें भाग ले सकें। विभाग का कहना है कि 20 अगस्त तक इस टेंडर प्रक्रिया को पूरी करने का टारगेट रखा गया है।
प्रदेश के धर्मशाला, शिमला, रामपुर, बिलासपुर, मंडी, नाहन, चंबा, सोलन तथा वन्यजीव धर्मशाला वन सर्किल में स्थित इन 49 साइट्स पर प्रकृति आधारित पर्यटन गतिविधियां विकसित की जाएंगी। इन स्थलों पर ट्रैकिंग, नेचर ट्रेल, कैंपिंग, जंगल भ्रमण, बर्ड वॉचिंग, एडवेंचर गतिविधियां, पर्यावरण शिक्षा और स्थानीय संस्कृति से जुड़े पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना है।
No comments