Recent Posts

Breaking News

एयरपोर्ट सर्कुलर रोड के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध, सनौरा पंचायत के ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

जिला कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट विस्तारिकरण के चलते भूमि अधिग्रहण और विस्थापन की समस्या से जूझ रहे ग्राम पंचायत सनौरा के ग्रामीणों ने आंशिक भूमि अधिग्रहण के विरोध में प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एयरपोर्ट के लिए पहले ही उनके घरों के पीछे की जमीन अधिग्रहित की जा चुकी है। 

अब 12 मीटर चौड़ी परिधीय सडक़ यानी सर्कुलर रोड के लिए मकानों का कुछ हिस्सा अधिग्रहित किया जा रहा है। इससे उनके घर ऊंची सडक़ और प्रस्तावित दीवार के बीच फंस जाएंगे, और बरसात के दौरान पानी व मिट्टी घरों में घुसने का खतरा रहेगा। इस संबंध में सनौरा पंचायत प्रधान रिटायर्ड कैप्टन अश्वनी कुमार की अगवाई में प्रभावित ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। पंचायत प्रधान ने बताया कि आठ से दस प्रभावित लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित दस्तावेज प्रशासन के समक्ष रखे हैं। पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन योजना को लेकर भी अधिकारियों के साथ बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की समस्याओं का उचित समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। प्रभावित ग्रामीण रमेश चंद और नरेंदर सिंह ने बताया कि वर्ष 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून के तहत उनकी जमीनें अधिग्रहित की जा रही हैं। वर्ष 2024 में 12 मीटर चौड़ी परिधीय सडक़ के निर्माण की अधिसूचना जारी हुई थी, जिसकी जद में उनके मकानों का कुछ हिस्सा आ रहा है। 

स्थानीय निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि उनके घरों के पीछे की जमीन पहले ही अधिग्रहित की जा चुकी है, जहां एयरपोर्ट की करीब 50 से 60 फुट ऊंची दीवार बनने की बात कही जा रही है। दूसरी ओर प्रस्तावित सडक़ भी घरों से ऊंचाई पर होगी। ऐसे में उनके मकान दोनों ओर से ऊंची संरचनाओं के बीच रह जाएंगे। 

ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दौरान क्षेत्र में पहले ही करीब दो फुट तक पानी भर जाता है। ऐसे में दीवार और सडक़ बनने के बाद पानी और मिट्टी घरों में घुसने की आशंका है। ग्रामीणों ने बताया कि वह वर्ष 2020 से इस समस्या को प्रशासन के समक्ष उठाते आ रहे हैं। अभी तक उन्हें मकान खाली करने का कोई आदेश नहीं मिला है।

No comments