Recent Posts

Breaking News

देवप्रयाग में गंगा का रौद्र रूप: छोटे भाई को बहता देख बेबस हुआ युवक, ‘5 लाख रुपये दूंगा… कोई बचा लो’ की लगाता रहा गुहार.

 

देवप्रयाग। उत्तराखंड के देवप्रयाग स्थित टोडेश्वर घाट से सामने आया एक वायरल वीडियो दिल दहला देने वाला है। वीडियो में गंगा नदी का तेज बहाव और उसके सामने इंसान की बेबसी साफ नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि बीते दिनों हरियाणा निवासी 24 वर्षीय आर्यन घाट पर नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया।

घटना के दौरान उसका भाई घाट के किनारे खड़ा रह गया। आंखों के सामने छोटे भाई को नदी में बहता देख वह बदहवास होकर मदद के लिए लोगों से गुहार लगाता रहा। वायरल वीडियो में युवक रोते-बिलखते हुए लोगों से आर्यन को बचाने की अपील करता सुनाई दे रहा है।

‘कोई बचा लो यार… मैं 5 लाख रुपये दूंगा’

वायरल वीडियो में युवक लोगों से मदद की गुहार लगाते हुए कहता सुनाई देता है, ‘कोई बचा लो यार, मैं 5 लाख रुपये दूंगा, कोई तो बचा लो… वो मेरा छोटा भाई है, भगवान के लिए उसे बचा लो।’

भाई को बचाने की उम्मीद में वह लगातार लोगों से नदी में उतरने की अपील करता रहा। बताया जा रहा है कि वह मदद के लिए वहां मौजूद लोगों के सामने हाथ जोड़ता रहा और भावुक होकर उनसे आर्यन की जान बचाने की गुहार लगाता रहा।

तेज बहाव के आगे बेबस दिखे लोग

घटना के दौरान गंगा का बहाव बेहद तेज बताया जा रहा है। पानी की रफ्तार और परिस्थितियों को देखते हुए वहां मौजूद लोग चाहकर भी नदी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

वीडियो में युवक की बेबसी और आसपास खड़े लोगों की चिंता साफ दिखाई देती है। कुछ ही पलों में आर्यन तेज धारा में बह गया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया।

इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी नदियों और घाटों पर बढ़ते जलस्तर के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी लोगों से ऐसे समय में नदी के तेज बहाव के करीब न जाने की अपील करती रही हैं।

No comments