Recent Posts

Breaking News

JPSC-JSSC फर्जीवाड़े में CID की बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड अभय तिवारी की पत्नी और भाई गिरफ्तार

रांची। झारखंड की सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित फर्जीवाड़े के मामले में CID ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने TDPL के मार्केटिंग मैनेजर और मामले के कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी की पत्नी सुष्मिता तिवारी और उसके सगे भाई अक्षय तिवारी को गिरफ्तार किया है। दोनों पर JPSC और JSSC-CGL परीक्षा में कथित तौर पर अवैध तरीके से सफलता हासिल करने का आरोप है। इस मामले में अभय तिवारी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

गिरिडीह में पूछताछ के बाद दोनों गिरफ्तार

मंगलवार सुबह CID की टीम गिरिडीह पहुंची थी। यहां दोनों से पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद CID ने सुष्मिता तिवारी और अक्षय तिवारी को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें रांची लाया गया।

जांच एजेंसी इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और परीक्षा प्रक्रिया में संभावित अनियमितताओं को लेकर भी पूछताछ कर रही है। इसी क्रम में JSSC के सचिव सुधीर गुप्ता से भी CID पूछताछ कर रही है।

CID की कार्रवाई के घेरे में आए अक्षय तिवारी पहले से सरकारी कर्मचारी हैं। बताया गया है कि उन्होंने 14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा पास की थी। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि उनकी परीक्षा में सफलता के पीछे किसी तरह की अनियमितता या फर्जीवाड़े की भूमिका थी या नहीं।

वहीं, अभय तिवारी की पत्नी सुष्मिता तिवारी ASO के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें भी इस मामले में पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर रांची लाया गया है।

JPSC और JSSC-CGL में कथित फर्जीवाड़े की जांच के दौरान अभय तिवारी का नाम सामने आया था। उसे मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। CID की जांच में अब उसके परिवार के सदस्यों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

फिलहाल CID गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता किस तरह की गई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

No comments