दिल पर किसका जोर है... बच्चे-9, पति-4, महिला ने गजब किया प्यार, तीसरे हसबैंड का सिर मुंडवाया

हरदोईः उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में इंसानियत शर्मसार हो गई, जहां महिला ने दूसरे पति संग मिलकर तीसरे पति को रूह कंपा देने वाली यातना दी. इस दौरान उसने अपने तीसरे पति का आधा सिर मुंडवाया, उसकी मूंछें काटी और फिर जूतों की माला पहनाई. इस दौरान पीड़ित पति हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता रहा.
कलयुगी पत्नी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया. हरदोई में इंस्टाग्राम पर एक कॉल से शुरू हुई कहानी प्यार तक पहुंची. मंदिर में शादी हुई और करीब ढाई साल तक साथ रहने के बाद अचानक ऐसा मोड़ आया कि प्रेमी पति को हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगनी पड़ी.
धोखे से पति को बुलवाया फिर सिर मुंडवाया
आरोप है कि नौ बच्चों की मां सोनिया यादव के चौथे व्यक्ति से संपर्क को लेकर उसके तीसरे पति नरेंद्र (37) ने सवाल उठाया तो उसे कथित तौर पर धोखे से खुर्रमपुरवा गांव बुलाया गया. यहां महिला और उसके दूसरे पति मुन्ना यादव ने उसे पकड़ लिया. आरोप है कि कैंची और उस्तरे से उसका आधा सिर मुंडवा दिया, आधी मूंछ काट दी और गले में जूतों की माला पहना दी. घंटों बंधक बनाकर रखे गए नरेंद्र का वीडियो भी बनाया गया, जिसमें वह हाथ जोड़कर रोता और रहम की गुहार लगाता दिख रहा है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला सुर्खियों में आ गया.
मीठी-मीठी करती थी बातें
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के डडोस कुसमरा गांव निवासी नरेंद्र के मुताबिक उसकी पहचान सोनिया यादव से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. सोनिया ने पहले कई बार फोन किया और बाद में रात करीब नौ बजे दोनों की बातचीत शुरू हुई. नरेंद्र का कहना है कि सोनिया उससे सीधे प्यार-मोहब्बत की बातें करने लगी. करीब आठ दिन बातचीत के बाद भरोसा बढ़ा तो सोनिया उससे मिलने कन्नौज के गौरीघाट पहुंची. वहां से नरेंद्र उसे गुरुग्राम ले गया और करीब दो दिन बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली.
महिला ने पहले से की थी दो शादी
परिवार की नाराजगी के बावजूद नरेंद्र का दावा है कि वह करीब ढाई साल तक सोनिया के साथ रहा. बाद में उसे महिला की पिछली जिंदगी के बारे में जानकारी हुई. उसके मुताबिक पहली शादी से सोनिया के तीन बच्चे हैं और बाद में उसने खुर्रमपुरवा निवासी मुन्ना यादव से शादी की, जिससे छह बच्चे हुए. इस तरह सोनिया के कुल नौ बच्चे बताए गए हैं. नरेंद्र के मुताबिक जुलाई 2026 में सोनिया की तबीयत खराब होने पर उसके कहने से वह उसे गौरीघाट छोड़ आया. इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा और गुरसहायगंज के एक होटल में तीन-चार बार मुलाकात भी हुई.
तीसरे पति को महिला के चौथे पति की मिली जानकारी
नरेंद्र का दावा है कि अलग-अलग मौकों पर सोनिया ने उससे करीब 40 हजार रुपये लिए. 25 सितंबर को नरेंद्र बहादुरगढ़ से गुरसहायगंज पहुंचा और सोनिया से मिला. इसी दौरान उसने महिला का मोबाइल चेक किया. आरोप है कि मोबाइल में किसी चौथे व्यक्ति से बातचीत की जानकारी मिलने पर दोनों में विवाद हुआ. इसी दौरान करीब पांच महीने की गर्भावस्था की सफाई कराने की बात भी सामने आई. गुस्से में नरेंद्र ने सोनिया को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद दोनों के बीच विवाद और गहरा गया. नरेंद्र का आरोप है कि थप्पड़ के बाद सोनिया उसे अपने गांव खुर्रमपुरवा ले आई और मुन्ना यादव के घर में रिश्तेदार बताकर रख दिया. बाद में मुन्ना को दोनों के संबंध की जानकारी हुई.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. हरपालपुर के क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि घटना के वीडियो को पुलिस ने संज्ञान लिया है. सीओ के मुताबिक पीड़ित नरेंद्र की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस ने कहा है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और मामले में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
No comments