Recent Posts

Breaking News

TRAI का नया नियम: 28 दिनों के रिचार्ज से मिल सकती है राहत, अब ग्राहकों की जेब पर कितना असर पड़ेगा?

TRAI का नया नियम: 28 दिनों के रिचार्ज से मिल सकती है राहत, अब ग्राहकों की जेब पर कितना असर पड़ेगा?


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में मोबाइल ग्राहकों के लिए अब तक महीने भर का रिचार्ज कराने का मतलब 28 दिनों की वैधता पाना रहा है। साल में 12 महीने होने के बावजूद 28 दिन के साइकिल की वजह से उपभोक्ताओं को 365 दिनों के लिए सालाना 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता था।

इस तरह हर साल एक अतिरिक्त रिचार्ज का बोझ दबे पांव ग्राहकों की जेब पर पड़ता था। हालांकि, भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण के नए नियमों से अब यह गणित बदल सकता है।

TRAI का नया संशोधन नियम 2026

ट्राई ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (तेरहवां संशोधन) रेगुलेशंस, 2026 लागू किया है। इस नए ढांचे के तहत टेलीकॉम कंपनियों के लिए सिर्फ वॉइस और एसएमएस वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर देना अनिवार्य किया गया है।

साथ ही, इन प्लान्स की वैधता वही होगी जो डेटा बंडल वाले प्लान्स की होती है। इसके अलावा, ट्राई ने डेटा न लेने वाले ग्राहकों के लिए टैरिफ में आनुपातिक कटौती करने के निर्देश भी दिए हैं।

गणित में कितनी होगी बचत?

यदि कोई ग्राहक 300 रुपये का रिचार्ज 28 दिनों के लिए कराता है, तो उसे साल भर (365 दिन) में कुल 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता है, जिससे उसका वार्षिक खर्च 3,900 रुपये बैठता है। इसके विपरीत, यदि वही 300 रुपये का रिचार्ज 30 दिनों की वैधता के साथ दिया जाए, तो ग्राहक को साल में केवल 12 बार रिचार्ज कराना होगा और उसका कुल वार्षिक खर्च घटकर 3,600 रुपये रह जाएगा।

इस तरह, 28 दिन के बजाय 30 दिन की वैधता मिलने पर ग्राहक को सीधे 1 रिचार्ज (लगभग 7.7%) यानी सालाना 300 रुपये की सीधी बचत होगी।

इसी तरह, यदि 250 रुपये के प्लान को 28 के बजाय 30 दिन का किया जाए, तो सालाना खर्च 3,250 रुपये से घटकर 3,000 रुपये रह जाएगा (यानी 250 रुपये की सीधी बचत)। हालांकि, यह बचत तभी संभव होगी जब टेलीकॉम कंपनियां 30 दिनों का प्लान उसी कीमत पर उपलब्ध कराएं।

डेटा का इस्तेमाल न करने वालों को फायदा

कई ग्राहक जो दिनभर घर, दफ्तर या कॉलेज में वाई-फाई का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें हर महीने मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती। वे केवल कॉलिंग और ओटीपी/एसएमएस के लिए रिचार्ज कराते हैं।

नए नियमों के लागू होने के बाद, जियो, एयरटेल, और वीआई जैसी कंपनियों को बिना डेटा वाले प्लान भी देने होंगे, जिससे इन उपभोक्ताओं को बेकार डेटा के पैसे नहीं चुकाने पड़ेंगे।

वहीं 28 दिन से 30 दिन की वैधता मिलने पर साल में 13 की जगह केवल 12 बार रिचार्ज करना होगा। इसके साथ ही मोबाइल डेटा इस्तेमाल न करने वाले यूजर्स बिना डेटा वाले वॉइस-एसएमएस प्लान चुनकर अपनी लागत घटा सकेंगे।

No comments