रात में घर में घुसा युवक, छत पर ले जाकर बेरहमी से पीटा; नाखून तक उखाड़ लिया. मौत

Aurangabad News: बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर में मंगलवार देर रात एक युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत हो गई. कचहरी रोड मछली मार्केट निवासी विकास कुमार (25) देर रात एक घर में पहुंचा था.
इसके बाद उसे पकड़कर छत पर ले जाया गया. वहां उसके साथ मारपीट की गई. मारपीट के दौरान उसके नाखून भी उखाड़ दिए गए. गंभीर हालत में पुलिस ने उसे बरामद किया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मदनपुर इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी से पूछताछ की जा रही है.
पहले भी देर रात घर में पहुंचा था विकास
सदर एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विकास कुमार एक-दो दिन पहले भी देर रात आरोपियों के घर में पहुंचा था. उस समय सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की थी और युवक को छोड़ दिया गया था. मंगलवार रात विकास दोबारा उसी घर में पहुंच गया. इसके बाद घरवालों ने उसे पकड़ लिया. उसे छत पर ले जाकर मारपीट की गई. इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
चीखने की आवाज सुनकर मोहल्ले वालों को हुई जानकारी
रात में युवक के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई. मोहल्ले के लोगों ने विकास के परिजनों को इसकी सूचना दी. इसके बाद डायल-112 को फोन किया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दरवाजा खुलवाया और छत पर पहुंचकर विकास को गंभीर रूप से घायल अवस्था में बरामद किया. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद मदनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में इंजीनियर प्रिंस कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार वर्मा, निखिल कुमार वर्मा और दिलीप वर्मा शामिल हैं. बताया गया है कि निखिल कुमार वर्मा सोनी अलंकार ज्वेलर्स और प्रिंस कुमार वर्मा रवि ज्वेलर्स के मालिक हैं. पुलिस गिरफ्तार सभी लोगों से पूछताछ कर रही है.
रास्ते से खींचकर छत पर ले जाने की बात
मृतक के परिजनों के अनुसार, विकास को रास्ते से पकड़कर छत पर ले जाया गया था. वहां उसे लोहे की रॉड से पीटा गया. मारपीट के दौरान उसके नाखून भी उखाड़ दिए गए. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई.
पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल
घटना की जांच में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विकास मंगलवार रात आरोपियों के घर तक कैसे पहुंचा? पुलिस उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच कर रही है. इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले विकास ने किससे बातचीत की थी और क्या उसे किसी व्यक्ति ने वहां बुलाया था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक रात में दोबारा उस घर में किस वजह से पहुंचा था और वहां उसके साथ मारपीट की पूरी घटना किस तरह हुई.
सदर एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार ने बताया कि युवक के साथ मारपीट की बात सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है. पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है. फिलहाल चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है.
No comments