मेला देखने निकला था 11 साल का बालक, अगले दिन नदी में मिला शव; मां ने जताई हत्या की आशंका

गोपालगंज: जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के महैचा गांव से बड़ी खबर सामने आई है. मंगलवार से लापता 11 वर्षीय बच्चे अंकित कुमार का शव बुधवार को दाहा नदी से बरामद किया गया. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहराई से जांच की मांग की है.
मंगलवार सुबह 11 बजे हुआ था लापता
मृतक की पहचान महैचा गांव निवासी मनोहर साह के 11 वर्षीय बेटे अंकित कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अंकित मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर से मेला देखने निकला था. उसी दिन गांव में महावीरी मेला लगा हुआ था. परिवार के लोगों को आशंका थी कि अंकित मेला देखने गया होगा. इसी उम्मीद में परिजन उसकी आसपास के इलाकों में तलाश कर रहे थे. लेकिन बुधवार को दाहा नदी में अंकित का शव मिलने की सूचना मिली. इसके बाद परिवार में मातम पसर गया. अंकित दो बहनों के बीच इकलौता भाई था. उसके पिता मनोहर साह विदेश में रहकर मजदूरी करते हैं. बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
इन बिंदुओं पर हो रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही उचकागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से नमूने जुटाए हैं. पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुराने विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अंकित की मौत कैसे हुई और उसका शव नदी तक कैसे पहुंचा? पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है.
No comments