किसी से भगोना, किसी से कढ़ाई तो किसी से दरी... कानपुर में चाचा-भतीजे निकले बड़े खिलाड़ी, रचा लाखों की ठगी का जाल

कानपुर : यूपी के कानपुर में टेंट कारोबारियों से ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां चाचा-भतीजे की जोड़ी ने शादी और भंडारे के नाम पर टेंट का सामान बुक कराया. फिर उसी सामान को कबाड़ में बेचकर करीब 9 लाख रुपये का खेल कर दिया.
करीब 5 किलोमीटर के इलाके में अलग-अलग टेंट कारोबारियों को निशाना बनाया गया. पुलिस ने केस दर्ज कर चाचा-भतीजे सुमित और अमित को गिरफ्तार कर लिया. पढ़िए ठगी का पूरा खेल कैसे रचा गया.
यह है मामला
कानपुर में चाचा-भतीजे की ऐसी ठगी का खुलासा हुआ है, जिसे सुनकर आप भी कहेंगे कि ठगी का तरीका भले ही पुराना हो, लेकिन जाल बिछाने का अंदाज बेहद शातिर था. यहां चाचा-भतीजे की जोड़ी ने करीब 5 किलोमीटर के इलाके में मौजूद कई टेंट कारोबारियों को अपना निशाना बनाया और करीब 9 लाख रुपये का चूना लगा दिया. दोनों ने अलग-अलग समय पर अलग-अलग टेंट हाउस पहुंचकर शादी, भंडारे और दूसरे समारोहों के नाम पर सामान बुक कराया.
किसी से बर्तन लिए, किसी से भगोने और कढ़ाई, तो किसी से परात और दरी जैसे सामान बुक कराए. थोड़ी-थोड़ी पेशगी देकर टेंट कारोबारियों का भरोसा जीता और सामान अपने कब्जे में ले लिया. टेंट मालिकों को लगा कि उनका सामान किसी शादी या समारोह में इस्तेमाल होने जा रहा है, लेकिन असली खेल तो इसके बाद शुरू हुआ. आरोप है कि चाचा-भतीजे ने अलग-अलग टेंट हाउस से उठाए गए सामान को धीरे-धीरे कबाड़ में बेच दिया.
9 लाख रुपये की ठगी
यानी टेंट कारोबारी शादी और भंडारे की बुकिंग समझकर सामान देते रहे और ये दोनों कथित तौर पर उसी सामान को कबाड़ के भाव ठिकाने लगाते रहे. जब एक के बाद एक टेंट कारोबारियों का सामान वापस नहीं आया और हिसाब-किताब गड़बड़ दिखने लगा तो पूरे खेल का खुलासा हुआ. कारोबारियों को पता चला कि उनके साथ करीब 9 लाख रुपये की ठगी हो चुकी है. इसके बाद परेशान व्यापारी थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की.
जॉइंट पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा ने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में मुकदमा दर्ज कर सुमित और अमित को गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है कि कितने टेंट कारोबारियों को निशाना बनाया गया, कितना सामान कबाड़ में बेचा गया और इस खेल में कोई और भी शामिल था या नहीं.
No comments