Recent Posts

Breaking News

पत्नी के मायके में आधी रात को भड़का पति, सरेआम चलाई गोली, दोस्तों ने मारे पत्थर! तीन गिरफ्तार

Gwalior: पत्नी के मायके में आधी रात को भड़का पति, सरेआम चलाई गोली, दोस्तों ने मारे पत्थर! तीन गिरफ्तार


Gwalior Crime News: ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के चपरोली गांव में आधी रात को जमकर हंगामा हुआ. यहां पत्नी को तुरंत साथ ले जाने की जिद को लेकर जीजा ने कट्टे से अपने साले के ऊपर फायरिंग कर दी.


जीजा के साथ आए दो दोस्तों ने साले के घर पर पथराव शुरू कर दिया. इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीजा और उसके दोनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है.

आधी रात को ससुराल पहुंचा था पति
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 11 बजे की है. चपरोली गांव निवासी वीरू राणा ने पुलिस को इस मामले की सूचना दी. वीरू राणा ने बताया कि उसका जीजा अनिल राणा अचानक घर आया था. अनिल के साथ उसके दो दोस्त दिलीप और दीपक भी आए थे. अनिल अपनी पत्नी भूरीबाई को रात में ही अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा. इस पर भूरीबाई ने आधी रात को जाने से साफ इनकार कर दिया.

मना करने पर गुस्से में चलाया कट्टा
वीरू राणा और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी अनिल को समझाने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि भूरीबाई को सुबह ले जाना. लेकिन, अनिल राणा किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ. आरोप है कि पत्नी को साथ न भेजने पर वह अत्यधिक गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा. विवाद बढ़ते ही अनिल ने अपनी कमर से कट्टा निकाला और गोलियां चला दीं.

दोस्तों ने घर पर किया पथराव
इसी बीच अनिल के साथ आए दोस्त दिलीप और दीपक ने घर पर पत्थरों से हमला कर दिया. अचानक हुई फायरिंग और पत्थरबाजी से परिवार में अफरा-तफरी मच गई. अपनी जान बचाने के लिए परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर छिप गए. गोली चलने की आवाज और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा होने लगे. लोगों की भीड़ बढ़ती देख तीनों आरोपी वहां से भाग निकले. जाते-जाते उन्होंने वीरू और उसके परिवार को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी.

पुलिस ने तीनों को किया गिरफ्तार
घटना के बाद वीरू राणा अपने भाई छोटू राणा के साथ हस्तिनापुर थाने पहुंचा. उसने पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई और शिकायत दर्ज कराई. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में पति अनिल राणा, उसके दोस्त दीपक और दिलीप को गिरफ्तार कर लिया.

नशे में होने की आशंका, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के समय आरोपियों के नशे में होने की आशंका है. इसलिए पुलिस ने तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए कट्टे और कारतूस के बारे में पूछताछ कर रही है. इस फायरिंग में किसी व्यक्ति के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन घर को नुकसान पहुंचा है.

No comments