Recent Posts

Breaking News

शराब तस्करी का अनोखा तरीका! गैस सिलेंडर से 127 बोतल बरामद. देखकर पुलिस हैरान

बिहार: शराब तस्करी का अनोखा तरीका! गैस सिलेंडर से 127 बोतल बरामद. देखकर पुलिस हैरान


Gopalganj liquor smuggling: बिहार के गोपालगंज में शराब तस्करी का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसे देखकर उत्पाद विभाग की टीम भी हैरान रह गई. यूपी की तरफ से एक बाइक पर सिलेंडर लादकर एक शख्स गोपालगंज आ रहा था.


सिलेंडर ऊपर से चादर से ढका हुआ था. पुलिस को शक हुआ तो बाइक को रोककर जांच की गई. लेकिन जैसे ही सिलेंडर की चादर हटाई गई और उसकी जांच हुई, तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए.

मामला गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के कर्म टोला फुलवरिया के पास का है. उत्पाद टीम यहां शराब तस्करी के खिलाफ जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान यूपी की तरफ से एक बाइक आती दिखाई दी. बाइक पर एक सिलेंडर लदा था और उसे चादर से ढककर रखा गया था. पुलिस ने बाइक को रोका और जब सिलेंडर की जांच शुरू की तो पूरा मामला खुल गया. सिलेंडर को जब खोला गया तो उसमें एक गुप्त तहखाना बनाया गया था. इस तहखाने में गैस की जगह शराब की बोतलें छिपाकर रखी गई थीं.

गैस सिलेंडर से 127 बोतल बरामद

उत्पाद पुलिस के मुताबिक, सिलेंडर से 200 एमएल की 127 पीस बंटी-बबली शराब बरामद की गई है. पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया है और आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है. उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. इसके साथ ही आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि शराब तस्करी से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचा जा सके.

पुलिस जांच में जुटी

उत्पाद विभाग का कहना है कि बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. गोपालगंज के अलग-अलग इलाकों में वाहन जांच से लेकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल सिलेंडर के अंदर बनाए गए इस गुप्त तहखाने ने शराब तस्करी के नए तरीके का खुलासा कर दिया है. अब पुलिस की जांच इस बात पर टिकी है कि आखिर इस शराब के पीछे कौन है और यूपी से गोपालगंज तक चल रहे इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं.

No comments