8वें वेतन आयोग से 68,234 रुपये तक पेंशन? ToR में बदलाव की मांग क्यों हो रही तेज

नई दिल्ली: 8वें वेतन आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स को भी बड़ी उम्मीद है। आयोग लागू होने के बाद पेंशन बढ़ जाएगी। ऐसे कर्मचारी जो 1 जनवरी 2026 या उसके बाद रिटायर होंगे, उन्हें 8वें वेतन आयोग का लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस बीच कर्मचारियों से जुड़े संगठन जैसे ऑल इंडिया डिफेंस एम्पलॉइज फेडरेशन (AIDEF) और रेलवे मेल सर्विस (RMS) ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि 8वें पे कमीशन के टर्म ऑफ रेफ्रेंस (ToR) में संशोधन किया जाए।
ToR में बदलाव की मांग क्यों
इन संगठनों का कहना है कि जो कर्मचारी 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो रहे हैं, उन्हें भी इसमें शामिल किया जाए। कर्मचारी संगठनों का मानना है कि रिटायरमेंट की तारीख के आधार पर पेंशनभोगियों में भेदभाव नहीं होना चाहिए और पुराने रिटायर कर्मचारियों को भी आयोग के दायरे में लाया जाना चाहिए।
पुराने पेंशनर्स को भी मिलेगा लाभ
8वें पे कमीशन की रिपोर्ट लागू होने के बाद पुरानी पेंशन पाने वाले कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। लेवल 1 से 18 तक के कर्मचारी जो 1 जनवरी 2026 या उसके बाद रिटायर होंगे, उनके बेसिक पेंशन में रिवीजन देखने को मिलेगा।
पेंशन कितनी हो, इसे लेकर क्या हैं मांगें
नेशनल काउंसिल ऑफ दी जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) की मांग है कि पेंशन आखिरी सैलरी का 67 प्रतिशत और फैमिली पेंशन का 50 प्रतिशत किया जाए। वहीं, ऑल इंडिया डिफेंस एम्पलॉइज फेडरेशन की भी मांग है कि पेंशन आखिरी सैलरी का 67 प्रतिशत और फैमिली पेंशन 50 प्रतिशत हो। दोनों संगठनों ने एक जैसी मांग की है। वहीं, भारत पेंशनर्स समाज ने मिनिमम पेंशन 45,000 रुपये करने की मांग की है।
7वें पे कमीशन में कितनी थी मिनिमम पेंशन
आखिरी बार 7वें पे कमीशन ने 9,000 रुपये मिनिमम पेंशन को अप्रूव किया था। वहीं, अधिकतम पेंशन की लिमिट को 1,25,000 रुपये किया गया था।
फिटमेंट फैक्टर 2.1 रहा तो कितनी मिलेगी पेंशन
अगर फिटमेंट फैक्टर आयोग 2.1 रखता है, तो लेवल 5 कर्मचारियों का मिनिमम पेंशन 30,660 रुपये, लेवल 6 के कर्मचारियों को 37,170 रुपये, लेवल 7 के कर्मचारी को 47,145 रुपये, लेवल 8 के कर्मचारी को 49,980 रुपये और लेवल 9 के कर्मचारी को 55,755 रुपये की मिनिमम पेंशन मिलेगी।
फिटमेंट फैक्टर 2.28 पर क्या होगा
अगर 8वां वेतन आयोग 2.28 फिटमेंट फैक्टर रखता है, तो ऐसी स्थिति में लेवल 5 के कर्मचारी को मिनिमम पेंशन 33,288 रुपये, लेवल 6 के कर्मचारी को 40,356 रुपये, लेवल 7 के कर्मचारी को 51,186 रुपये और लेवल 8 के कर्मचारी को 54,264 रुपये पेंशन मिलने की उम्मीद है। वहीं, लेवल 9 के कर्मचारी को 2.28 फिटमेंट फैक्टर पर 60,534 रुपये मिनिमम पेंशन मिल सकता है।
फिटमेंट फैक्टर 2.57 पर 68,234 रुपये तक पेंशन
अगर फिटमेंट फैक्टर 2.57 रहता है, तो ऐसी स्थिति में लेवल 9 के कर्मचारी को कम से कम 68,234 रुपये की पेंशन मिलेगी। वहीं, लेवल 5 के कर्मचारी को कम से कम 37,522 रुपये की मिनिमम पेंशन मिलेगी। यही आंकड़ा है जिसे लेकर पेंशनभोगियों में सबसे ज्यादा उम्मीद बंधी है।
अब आगे क्या
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 8वां वेतन आयोग अपनी रिपोर्ट में फिटमेंट फैक्टर और टर्म ऑफ रेफ्रेंस को लेकर क्या सिफारिश करता है। कर्मचारी संगठनों का दबाव साफ है: 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों को भी दायरे में लाया जाए और पेंशन आखिरी सैलरी का 67 प्रतिशत तय हो।
No comments