Shimla: प्रदेश की चोटियों पर फिर गिरे फाहे

शिमला – हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर से ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी होने से पहाड़ों पर फिर शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। कल्पा सहित जिला शिमला के खदराड़ा व सराहन में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। मनाली व बंजार में हल्की बारिश रिकार्ड की गई है। इससे सुबह व शाम के समय फिर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 12 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 13 फरवरी को समूचे राज्य में बारिश बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रदेश में शुक्रवार को सुबह के समय धुंध घिरी रही। दिन के समय हल्की धूप भी खिली, मगर शाम के समय फिर से आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल दिय। वहीं पहाड़ों पर धुंध घिरी रही। मौसम में आए बदलाव से शिमला व भुंतर के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट रिकार्ड की गई है। भुंतर के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शिमला का तापमान में एक डिग्री तक लुढ़का है। शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में गुरुवार के मुकाबले बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिलासपुर और हमीरपुर के तापमान में तीन डिग्री तक का उछाल रिकार्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आई है। शिमला का तापमान फिर से माइनस डिग्री में पहुंच गया है।
कल्पा, केलांग, मनाली, डलहौजी व कुफरी का तापमान भी माइनस में चल रहा है। तापमान माइनस डिग्री में चलने से लोगों को सुबह व शाम के समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में 12 फरवरी तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 13 फरवरी को समूचे राज्य में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान मैदानों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी होने की संभावना है।
No comments