Shimla: रोहड़ू में मेकेनिक, पालमपुर में जिंदा जल गया नौजवान

रोहडू – मीट मार्केट रोहडू के पास शुक्रवार दोपहर को एक रियाहशी मकान में किराए पर रह रहे कमरे में अचानक आग लगने से एक व्यक्ति जिंदा जल गया। पुलिस के अनुसार जिंदा जले व्यक्ति की पहचान दर्शन लाल (55) पुत्र श्याम सुंदर करनाल हरियाणा के रूप में हुई है, जो पिछले कई साल से रोहडू में प्रेशर कुक्कर व गैस चूल्हे की रिपेयरिंग का काम करता था। दर्शन लाल रोहडू में किराए के कमरे में अकेला रह रहा था और परिवार के अन्य सदस्य करनाल हरियाणा में रहते थे। पड़ोसियों ने बताया की कुछ समय पहले दर्शन लाल की बहू की अकस्मात मृत्यु हो गई थी और अब उसके साथ यह हादसा पेश आया है। प्रशासन ने उसके परिवारवालों को घटना के बारे में सूचित कर दिया है और फौरी राहत के तौर पर 15 हजार रुपए की राशि परिवार के सदस्यों को दी जाएगी। जानकारी के अनुसार दमकल विभाग के सहयोग से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और पूरे रिहायशी मकान को जलने से बचा लिया। दर्शन लाल के पड़ोसी सुंदर सिंह भंडारी ने बताया कि दर्शन लाल के कमरे का सारा सामान जलकर राख हो गया है। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रह रही लड़की ने आगजनी की घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी। रिहायशी मकान मालिक चमन लाल को आगजनी की घटना के बारे में सूचित किया गया है। मृतक व्यक्ति निर्धन परिवार से संबंध रखता था।
हीटर से सुलगी लपटों से योल के युवक की मौत
पालमपुर – पालमपुर मेन बाजार में एक भवन की ऊपरी मंजिल में आग लगने से एक युवक जिंदा जल गया। यह हादसा गुरुवार रात करीब 12 बजे पेश आया। जानकारी के अनुसार किसी ने सड़क से जाते समय ऊपरी मंजिल में आग की लपटें उठती देखीं। इस पर स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने ऊपर जाकर कमरे को बड़ी मुश्किल से खोला, लेकिन तब तक कमरे में सोया युवक आग की भेंट चढ़ चुका था। मृतक की पहचान योल निवासी राहुल (30) के रूप में हुई, जो कि पालमपुर बाजार में ही एक रेस्टोरेंट में काम करता था। राहुल यहां किराए के कमरे में रहता था। पुलिस और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले युवक दम तोड़ चुका था। बताया जा रहा है कि कमरे में एक हीटर भी लगा था। माना जा रहा है कि हीटर के कारण कमरे में आग लगी, जिसने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के करवा परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
No comments