Chamba: लंबे समय बाद खुले स्कूलों से डलहौजी जाम

डलहौजी – पर्यटन नगरी डलहौजी के सभी निजी स्कूल लंबे शीतकालीन अवकाश के बाद खुलने से डलहौजी में इस सप्ताहंत में अरसे के बाद चहल-पहल नजर आई। स्कूली बच्चों के अभिभावकों के साथ सैकड़ों की संख्या में वाहनों के डलहौजी पहुंचने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। शहर के सुभाष चौक व गांधी चौक में रविवार को दिनभर यातायात जाम की स्थिति बनती रही। हालांकि स्कूलों में अवकाश खत्म होने के बाद शहर में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर पहले ही पुलिस प्रशासन सतर्क था। मगर काफी संख्या में वाहनों के पहुंचने से यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
गौरतलब है कि शहर के सभी निजी स्कूलों में दिसंबर माह से मार्च तक शीतकालीन अवकाश का दौर चल रहा था। डलहौजी में लंबे शीतकालीन अवकाश के बाद विद्यालय गुलजार हो गए हैं। काफी दिनों बाद एक-दूसरे से मिले विद्यार्थी काफी प्रसन्न नजर आए। विद्यार्थी उत्साह से विद्यालय पहुंचे और अवकाश के दिनों की यादों को सांझा किया। स्कूल खुलने के बाद स्टेशनरी की दुकानों में भी बच्चों की भीड़ रही और पठन-पाठन की सामग्री खरीदने में व्यस्त नजर आए। शहर के सभी निजी स्कूलों में अब सूचारू रूप से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।प र्यटन नगरी जहां प्राकृतिक खूबसूरती के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।
वहीं, यहां के निजी स्कूल भी पूरे भारत वर्ष में प्रसिद्ध हैं, जो विद्यार्थियों को बेहतर व गुणात्मक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं शहर का मान बढ़ा रहे हैं। शहर में सरकारी विद्यालयों के अलावा निजी स्कूलों में डलहौजी पब्लिक स्कूल, गुरु नानक पब्लिक स्कूल, डलहौजी हिलटॉप स्कूल, सीबीएसई बेस्ड हैं और सेट हार्ट स्कूल आईसीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त है। यह सभी स्कूल अपनी उत्कृष्ट अध्ययन पद्धति, अनुशासन और विभिन्न प्रकार की गतिविधियों से छात्रों को उपलब्ध कराए जाने वाले अवसरों के लिए भारत भर में प्रसिद्ध है।
No comments