Hamirpur: सुजानपुर में चिट्टा कुर्ता पर धमाल

सुजानपुर-राष्ट्र स्तरीय होली मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या पंजाबी सिंगर करण औजला के नाम रही। उन्होंने पंजाबी गानों की ऐसी लड़ी पिरोई कि पंडाल में बैठे दर्शक झूम उठे। वन्स मोर, वन्स मोर की गूंज पंडाल से ऐसी उठी कि सिंगर को कई गाने दोहराने भी पड़ गए। गीता दी मशीन के नाम से मशहूर करण औजला ने जैसे ही मंच संभाला, तो चिटा कुर्ता लवेडेया तू खून नाल बे गाने पर खूब वाहवाही लूटी। इसके बाद पंजाबी गायक ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर पंडाल में उपस्थित दर्शकों को नाचने पर विवश कर दिया। इसमें उसने कोई चक्कर नहीं, डोंट लुक, हिंट, नो नीड, फैक्ट, अल्कोहल टू, यारियां च फिक्र गाने गाकर दर्शक दीर्घा में बैठकर लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया। इससे पहले दूसरी सांस्कृतिक संध्या का हमीरपुर विधायक नरेंद्र ठाकुर ने विधिवत शुभारंभ किया।
बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने पहुंचे विधायक नरेंद्र ठाकुर का सांस्कृतिक संध्या में जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त हमीरपुर हरकेश मीणा एवं मेला अधिकारी एसडीएम सुजानपुर शिल्पी बेकटा ने स्वागत किया। अपना संदेश देते हुए विधायक ने यहां पहुंचे सभी लोगों के साथ-साथ प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय होली मेले की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रंगों का यह महापर्व सबके लिए खुशियां लेकर आए, आपसी रंजिश मिटाकर भाईचारा बढ़ाएं। इसके साथ-साथ दूसरी सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों ने भी खूब समा बांधा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए कलाकारों ने धमाकेदार प्रस्तुति दीं। किसी ने चंबा की याद दिलाई, तो किसी ने नीलमा की याद दिलाई। होली मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पर पहाड़ी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। चौथी व अंतिम सांस्कृतिक संध्या पर बालीबुड गायक ममता शर्मा परफार्म करेंगी। ममता शर्मा इस उत्सव की सबसे महंगी कलाकार हैं तथा उन्हें लाखों रुपए देकर यहां परफार्म करने के लिए बुलाया गया है।
No comments