Kangra: हिमाचल के इस जिले में लॉकडाउन घोषित, सीएम जयराम ने दिए आदेश

कोरोना वायरस को हावी न होने देने के लिए देश भर के 75 जिलों के साथ हिमाचल का कांगड़ा जिला भी पूरी तरह लॉकडाउन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार से इस पर मंत्रणा की, जिसके बाद प्रदेश सरकार ने जिला कांगड़ा को 31 मार्च तक लॉकडाउन करने के आदेश जारी कर दिए।
देश भर के 75 वे जिले हैं, जहां या तो कोरोना के पॉजिटिव मामले आए हैं या इस महामारी से कोरोना प्रभावित मरीजों की मौत हुई है।लॉकडाउन में कांगड़ा जिले के लोगों को अपने घरों में ही रहने के निर्देश हैं। वे केवल आवश्यक वस्तुओं की खरीद करने या जरूरी सेवाओं के लिए ही घरों से निकल सकेंगे।
प्रदेश के इतिहास में ऐसी व्यवस्था पहली बार हुई है। कैबिनेट सचिव और प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव की ओर से सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ रविवार सुबह वीडियो कांफ्रेंसिंग की गई।
इसमें कहा गया कि अंतरराज्यीय परिवहन बसों सहित गैर आवश्यक यात्री वाहनों पर प्रतिबंध 31 मार्च तक बढ़ाने की तत्काल आवश्यकता है। लोग घरों से जरूरी वस्तुओं की खरीद के लिए ही बाहर निकल सकेंगे। हिमाचल से भी अधिकारियों ने इस वीडियो कांफ्रेंस में भाग लिया।
No comments