‘दीदी को पेड़ से लटका दिया…’, 6 साल की मासूम की जुबानी सुन कांप जाएगी रूह; आखिर क्यों दरिंदा बना पड़ोसी गांव का युवक?

चंढीगढ़ : पंजाब के मोगा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां गांव लोहारा के मेले से ढोलक दिलाने का झांसा देकर एक आरोपी ने प्रवासी मजदूरों की दो मासूम बहनों का अपहरण कर लिया। आरोपी दोनों बच्चियों को सुनसान इलाके में स्थित एक पुराने ईंट भट्ठे पर ले गया, जहां उसने 8 वर्षीय एक बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि 6 वर्षीय दूसरी बच्ची किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, गांव लोहारा स्थित बाबा दामु शाह जी के स्थान पर हर वीरवार को मेला लगता है, जहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। 23 अप्रैल को भी मेले के दौरान दोनों बहनें घर से पैदल मेला देखने गई थीं, तभी आरोपी ने उन्हें ढोलक दिलाने का झांसा देकर साइकिल पर बैठाया और अपने साथ ले गया।
बताया गया कि आरोपी बच्चियों को मेले से करीब एक किलोमीटर दूर एक बंद पड़े ईंट भट्ठे पर ले गया, जहां उसने 8 वर्षीय बच्ची सुबी को पेड़ से लटका दिया। यह देखकर उसकी 6 वर्षीय बहन गंगा डर के मारे वहां से भाग गई और कुछ दूरी पर छिप गई। बाद में जब वह वापस लौटी तो उसने अपनी बहन को गंभीर हालत में देखा और मदद करने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी।
इसके बाद मासूम गंगा करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने बच्ची का शव पेड़ से लटका हुआ पाया और पुलिस को सूचना दी। थाना कोट ईसे खां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पिता के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि दोनों परिवार उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले हैं और पिछले दो साल से मोगा के लोहारा गांव में एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे। वे एक ही जगह रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
डीएसपी धर्मकोट सुखमंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उसे जल्द ही अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा ताकि पूछताछ के दौरान पूरे मामले का खुलासा हो सके। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
No comments