Moradabad : दहेज की मांग पूरी न होने पर नहीं आई बारात, दुल्हन करती रह गई इंतजार

Moradabad : मुरादाबाद जनपद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र स्थित रफतपुरा चौराहा के ख्वाजा गरीब नवाज बैंक्वेट हॉल में बुधवार को एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दूल्हे की बारात तय समय पर नहीं पहुंची। सजे-धजे मंडप में बैठी दुल्हन घंटों तक अपने जीवनसाथी का इंतजार करती रही, लेकिन बारात नहीं आई, जिससे पूरे परिवार में मायूसी और आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, गुलाफशा नाम की युवती का रिश्ता करीब डेढ़ साल पहले बियामीन नामक युवक से तय हुआ था। दोनों परिवारों की सहमति से 22 अप्रैल को शादी की तारीख तय की गई थी। दुल्हन पक्ष ने शादी की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी थी और करीब 15 लाख रुपये खर्च कर दिए थे। बैंक्वेट हॉल सज चुका था, रिश्तेदार और मेहमान भी बड़ी संख्या में मौजूद थे, लेकिन दूल्हा और उसके परिजन मौके पर नहीं पहुंचे।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि लड़के पक्ष लंबे समय से दहेज में मोटी रकम की मांग कर रहा था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद भी हुआ। 20 अप्रैल को मामले को लेकर चौकी पर पंचायत हुई थी, जहां 10 लाख रुपये देने को लेकर समझौते की बात सामने आई थी। लड़के पक्ष ने शर्त रखी थी कि या तो 10 लाख रुपये दिए जाएं, अन्यथा बारात नहीं आएगी।
बताया जा रहा है कि दुल्हन पक्ष ने इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई, जिसके बाद दूल्हे पक्ष ने शादी में आने से ही इनकार कर दिया। 22 अप्रैल को सुबह से दोपहर तक इंतजार के बावजूद जब बारात नहीं पहुंची, तो दुल्हन और उसके परिवार के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
दुल्हन ने भावुक होकर कहा कि दहेज की वजह से उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा दिन अधूरा रह गया। ग्राम प्रधान राबुल हुसैन ने भी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच दहेज को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था।

घटना के बाद गांव में रोष व्याप्त है और लोग आरोपी पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पाकबड़ा थाना और संबंधित चौकी में तहरीर देकर दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह घटना एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा जैसी कुरीति की भयावह सच्चाई को उजागर करती है, जो आज भी कई बेटियों के सपनों को तोड़ रही है।
No comments