डीएम साहब को ‘हेलो-हेलो’ बोलना पड़ा भारी: मजाक-मजाक में मिला दिए 17 कॉल, अब जेल में कटेगी ‘शायर’ की रातें!.

संभल जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां डीएम को बार-बार फोन कर परेशान करने के आरोप में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन निवासी अराफात पर आरोप है कि उसने 2 मई को जिला मजिस्ट्रेट डॉ. राजेंद्र पेंसिया को करीब 17 बार कॉल किया, जिससे प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होने की बात सामने आई।
मामले को गंभीर मानते हुए हयातनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अराफात को गिरफ्तार किया और शांति भंग की धाराओं में चालान कर सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी अराफात मानसिक रूप से अस्वस्थ भी है। गिरफ्तारी के बाद उसने बयान दिया कि उसने डीएम को सिर्फ मजाक-मजाक में हालचाल जानने के लिए फोन किया था, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा।
इससे पहले अराफात एक स्थानीय कार्यक्रम में भी चर्चा में आया था, जहां उसने एक जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में मंच से शायरी सुनाई थी।
पुलिस ने उसे नवाबखेल क्षेत्र से गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण कराया। अस्पताल में भी उसने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह सिर्फ मजाक कर रहा था और उसे किसी सख्त सजा की उम्मीद नहीं थी।
फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
No comments