Recent Posts

Breaking News

भोपाल में IAS कोचिंग डायरेक्टर का अपहरण! मास्टरमाइंड छात्र ने डायरेक्टर मैडम को ही बना लिया बंधक, गन पॉइंट पर वसूल ली करोड़ों की ‘ट्यूशन फीस’.

 

भोपाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां आईएएस कोचिंग संस्थान की डायरेक्टर को झांसा देकर अपहरण कर लिया गया और बंधक बनाकर उनसे करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए गए। इस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड प्रियंक शर्मा है, जो पहले इसी कोचिंग संस्थान का छात्र रह चुका है और भोपाल में इसकी फ्रेंचाइजी भी चला रहा था। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर यह योजना बनाई और संस्थान की डायरेक्टर शुभ्रा रंजन को दिल्ली से भोपाल बुलाया।

आरोपियों ने नई ब्रांच और सेमिनार के बहाने उन्हें भोपाल बुलाया, जहां होटल से पिक करने के बाद बागसेवनिया इलाके के एक फ्लैट में ले जाया गया। वहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों के साथ मिलकर उन्हें दो दिन तक बंधक बनाकर रखा गया।

इस दौरान हथियार के बल पर उनसे अलग-अलग बैंक खातों में करीब 1.89 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसे आगे ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल करने की योजना थी।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के अनुसार, शिकायत मिलते ही क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और ट्रांसफर की गई राशि को बैंक की मदद से होल्ड करवा दिया गया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता के बीच पहले से आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे इस वारदात की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।

No comments