Recent Posts

Breaking News

कोटा में नीट (NEET) अभ्यर्थी ने हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- ‘उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा’.

 

कोटा  : राजस्थान के कोटा में कोचिंग कर रहे एक छात्र ने हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पहले पुलिस इस घटना को हादसा मान रही थी, लेकिन बाद में मिले सुसाइड नोट और CCTV फुटेज के आधार पर इसे आत्महत्या करार दिया गया है।

घटना कुन्हाड़ी इलाके के एक हॉस्टल की है, जहां छात्र दीक्षित ने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि शुरुआत में वह छठी मंजिल से गिरा हुआ पाया गया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। हॉस्टल के CCTV फुटेज खंगालने पर सामने आया कि छात्र कुछ देर पहले सामान्य रूप से टहल रहा था और अन्य छात्रों से बातचीत भी कर रहा था, लेकिन कुछ ही समय बाद उसने छठी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने लिखा है कि वह परिवार की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका और NEET परीक्षा में सफल न हो पाने की वजह से वह मानसिक दबाव में था। इस सुसाइड नोट की जांच की जा रही है।

छात्र के पिता भूपेंद्र प्रसाद ने बताया कि दीक्षित को किसी तरह की टेंशन नहीं थी और वह पढ़ाई में अच्छा था। उन्होंने कहा कि आखिरी बार उनकी बात 1 मई को हुई थी और उस समय सब सामान्य था।

पुलिस अधिकारी देवेश भारद्वाज के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन CCTV फुटेज और सुसाइड नोट मिलने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि छात्र ने आत्महत्या की है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

No comments